*जनपद पंचायतों के सीईओ जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों की स्वतः करें माइक्रो लेबल पर मॉनिटरिंग :-जिला पंचायत सीईओ* *श्रमिक नियोजन में न्यून प्रगति पर जताई नाराजगी, मानव दिवसों का सृजन सर्वोच्च प्राथमिकता से करें- सुश्री कौर*

Yogendra Asati
06 May 2026
समीक्षा

*जनपद पंचायतों के सीईओ जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों की स्वतः करें माइक्रो लेबल पर मॉनिटरिंग :-जिला पंचायत सीईओ*

*श्रमिक नियोजन में न्यून प्रगति पर जताई नाराजगी, मानव दिवसों का सृजन सर्वोच्च प्राथमिकता से करें- सुश्री कौर*

कटनी (6 मई)- जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रगतिरत अपूर्ण कार्यों जैसे अमृत सरोवरों, डगवेल,चेक डैम,रिचार्ज पिट आदि कार्यों का समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी माइक्रो लेवल पर मॉनिटरिंग करते हुए तकनीकी मानकों का ध्यान रखते हुए नियत समय सीमा में निर्माण एवं विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें। ऐसे निर्देश जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने वर्चुअली समीक्षा करते हुए जनपद स्तरीय अधिकारियों को दिए। वर्चुअल मीटिंग में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की प्रभारी कार्यपालन यंत्री, परियोजना अधिकारी मनरेगा, सहायक यंत्री, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वर्चुअली समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने मनरेगा योजना अंतर्गत श्रमिक नियोजन में निर्धारित लक्ष्य के विपरीत न्यून प्रगति पर नाराजगी जताते हुए निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक मानव दिवसो में वृद्धि लाए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने समीक्षा के दौरान ग्राम रोजगार सहायकों के पारिश्रमिक/मानदेय भुगतान नहीं होने पर चिंता व्यक्त करते हुए पारिश्रमिक भुगतान तत्परता पूर्वक करने के निर्देश जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि जो ग्राम रोजगार सहायक दायित्वों और कर्तव्यों के प्रति गंभीर होकर कार्य नहीं कर रहे हैं। उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए पहले अवैतनिक और वेतन रोकने तत्पश्चात अनुशासनात्मक कार्यवाही के प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजे जाएं ताकि राज्य रोजगार गारंटी परिषद के नियमों के तहत आवश्यक कार्यवाही की जा सके। सुश्री कौर ने जनपद पंचायत वार सीईओ और तकनीकी अधिकारियों से मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि निर्माण एवं विकास कार्यों में प्रगति और श्रमिक नियोजन में वृद्धि लक्ष्य के अनुसार लाएं। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि तकनीकी मानकों का ध्यान रखकर तय समय-सीमा में कार्यों को पूर्ण कराते हुए सीसी जारी कराएं। वर्चुअल समीक्षा में निर्देश देते हुए जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि जिन कार्यों पर राशि व्यय की जा चुकी है उन्हें विधि संगत तरीके से सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें अन्यथा राज्य रोजगार गारंटी परिषद के निर्देशों के तहत राशि वापस जमा कराएं।