*राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर 24 अप्रैल को जिला,जनपद और ग्राम पंचायत तीनों स्तरों पर होंगे गरिमामय आयोजन, ग्राम सभाएं भी होंगी* *जिला पंचायत सीईओ कौर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

Yogendra Asati
22 Apr 2026
अन्‍य

*राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर 24 अप्रैल को जिला,जनपद और ग्राम पंचायत तीनों स्तरों पर होंगे गरिमामय आयोजन, ग्राम सभाएं भी होंगी*

*जिला पंचायत सीईओ कौर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

कटनी (22 अप्रैल)- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुक्रम में शुक्रवार,24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के गरिमा मय आयोजन त्रिस्तरीय पंचायत स्तर पर किए जाएंगे। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं सर्व संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस एवं ग्राम सभाओं के सफल एवं सुचारू आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाओं हेतु निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने बताया कि राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस हमारे सामूहिक संकल्प को पुनः सुदृढ़ करने का अवसर है जिसमें लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण एवं सहभागी स्थानीय शासन को बढ़ावा दिया जाता है। यह पंचायती राज संस्थाओं की उल्लेखनीय प्रगति और उनके स्थानीय संभावनाओं का उत्सव मनाए जाने का दिन है।

*विचार विमर्श और संवाद के विषय*

जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला और जनपद स्तर पर उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाली जनपद एवं ग्राम पंचायत का सम्मान, पंचायती राज संस्थाओं का अधिकार एवं जिम्मेदारियां पर जन जागरूकता हेतु गतिविधियों का आयोजन, स्वयं के स्रोतों से राजस्व वृद्धि हेतु रणनीतियों पर विचार विमर्श, महिला नेतृत्व विकास प्राक्सी नेतृत्व की समस्या के निराकरण तथा निर्णय-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा, पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई) एवं डाटा आधारित निर्णय निर्माण पर संवाद एवं चर्चा की जाएगी। वही उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभा की बैठकें पर्याप्त पूर्व सूचना और व्यापक प्रचार प्रसार के साथ आयोजित किए जाने के निर्देश जनपद स्तरीय अधिकारियों को दिए हैं। सुश्री कौर ने ग्राम सभा की बैठकों में विभिन्न विभागों के कर्मियों की सक्रिय सहभागिता, सामुदायिक सहभागिता एवं जन जागरूकता की गतिविधियां तथा महिला नेतृत्व विकास, सतत विकास लक्षण का स्थानीयकरण एवं पंचायत उन्नति सूचकांक सहित ग्राम पंचायत के स्वयं के आय के स्रोतों में राजस्व वृद्धि की रणनीतियों पर विचार विमर्श एवं चर्चा करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं।