*सामुदायिक एवं पुस्तकालय भवन निर्माण हेतु जिला पंचायत की सीईओ सुश्री कौर ने जारी की प्रशासकीय स्वीकृतियां* *तमुरिया और निट्टरा के जनमानस की सुविधाओं में होगा इजाफा*

Yogendra Asati
31 Oct 2025
निर्माण

*सामुदायिक एवं पुस्तकालय भवन निर्माण हेतु जिला पंचायत की सीईओ सुश्री कौर ने जारी की प्रशासकीय स्वीकृतियां*

*तमुरिया और निट्टरा के जनमानस की सुविधाओं में होगा इजाफा*

कटनी (31 अक्टूबर)- स्थानीय आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए एवं जनप्रतिनिधियों की मांग पर जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायत तमुरिया रुपनाथ (पड़रिया) में 3.00 लाख रुपए की लागत से पुस्तकालय भवन एवं रीठी की ग्राम पंचायत निट्टरा में 5.84 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत ने डिस्टिक प्लानिंग कमेटी द्वारा अनुमोदित कार्य योजना तथा कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग द्वारा जारी तकनीकी स्वीकृति के अनुक्रम में 15वें वित्त मद से प्रशासकीय स्वीकृति आदेश किए हैं। संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। निर्माण एजेंसी द्वारा निर्धारित शर्तों के मुताबिक तय समय सीमा में निर्माण कार्य कराए जाएंगे। जिला पंचायत की सीईओ सुश्री कौर ने मध्यप्रदेश शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग एवं 15वें वित्त आयोग की अनुशंसा के संबंध में जारी दिशा निर्देशों के अनुक्रम में प्रशासकीय स्वीकृतियां जारी की है।
सामुदायिक एवं पुस्तकालय भवन निर्माण होने से दोनों ग्राम पंचायतों के जन मानस को सुविधाओं का लाभ मिलेगा। सामुदायिक भवन निर्माण से ग्रामीण नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं में इजाफा होगा, वहीं पुस्तकालय भवन के निर्माण और पुस्तकों का संग्रह होने से वहां के छात्र-छात्राओं में ज्ञानवृद्धि के साथ मानसिक और बौद्धिक विकास हो सकेगा।