*कलेक्टर श्री यादव ने तखला पहुंचकर सीएम जनकल्याण शिविर का किया औचक निरीक्षण,लिया जायजा* *ग्रामीणों की सुनी समस्याएं,आयुष्मान कार्ड और पेंशन के हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण* *जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के लाभ की ली जानकारी*

Yogendra Asati
27 Jan 2025
भ्रमण

*कलेक्टर श्री यादव ने तखला पहुंचकर सीएम जनकल्याण शिविर का किया औचक निरीक्षण,लिया जायजा*

*ग्रामीणों की सुनी समस्याएं,आयुष्मान कार्ड और पेंशन के हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण*

*जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के लाभ की ली जानकारी*

कटनी (27 जनवरी)- सोमवार को कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने जनपद पंचायत कटनी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत तखला पहुंच कर मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री शिशिर गेमावत भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार 11 दिसंबर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविरों का आयोजन कर हितग्राही मूलक योजनाओ में पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित कराया जाकर शत प्रतिशत सैचुरेशन एवं लक्ष्य आधारित योजनाओं को प्राप्त किया जाना था एवं इसी के साथ ही 27 जनवरी को हितलाभ वितरण एवं सेवाएं प्रदान किए जाने के निर्देश हैं।

*ग्रामीणों की सुनी समस्याएं और पेंशन और आयुष्मान कार्ड के हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण*

कलेक्टर श्री यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ धैर्यपूर्वक सुनकर यथोचित निराकरण हेतु अधिकारियों को तत्परतापूर्वक कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री यादव ने पेंशन योजनाओं के तहत सुकराना आदिवासी, गुन्नू आदिवासी,ताराबाई बर्मन, राजरानी सिंह एवं आयुष्मान कार्ड के 70 वर्ष से अधिक आयु के श्री बारेलाल यादव, श्रीमती द्रोपती बाई और श्री देवशरण सिंह चौहान को आयुष्मान कार्ड स्वीकृति पत्र वितरित किए। कलेक्टर श्री यादव ने ग्राम पंचायत द्वारा शिविर में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने ग्रामीणों से संवाद कर राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में जानकारी ली। जनपद पंचायत कटनी के सीईओ श्री प्रदीप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत को आयुष्मान के 84, सामान्य प्रशासन विभाग का 1, परिवहन विभाग के 103, सामाजिक न्याय विभाग के 7 और राजस्व विभाग के 6 कुल 201 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। प्राप्त 201 आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्य कार्यवाही करते हुए शत प्रतिशत निराकरण कर दिया गया है।

*ग्राम पंचायत परिसर में किया पौधारोपण*

कलेक्टर श्री यादव ने जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत की मौजूदगी में ग्राम पंचायत परिसर में बॉटल पाम का पौधा लगाकर पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संतुलन एवं सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों से पौधों की देखभाल एवं सुरक्षा किए जाने हेतु संवाद किया।

*प्राथमिक शाला पहुंचकर छात्र-छात्राओं से बात कर मन लगाकर पढ़ाई करने की दी हिदायत, अनन्या और समीक्षा से की बात, शिक्षक से कराया अध्यापन कार्य*

कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने प्राथमिक शाला तखला पहुंचकर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से शैक्षणिक गतिविधियों के विषय में जानकारी ली। उन्होंने कक्षा चौथी और पांचवी के छात्रों से अध्ययन के विषय में जानकारी ली तथा शिक्षक से समक्ष में अध्यापन कार्य करने को कहा। कलेक्टर ने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण अध्यापन कार्य करने के निर्देश दिए वहीं कक्षा चौथी की छात्राओं अनन्या और समीक्षा से बात करते हुए अन्य सभी छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने हेतु हिदायत दी। जिला पंचायत सीईओ ने भी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन परिश्रम और निष्ठा से करने को कहा।
इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच अनिल सिंह चौहान, अखिल पांडेय, नायब तहसील तहसीलदार अतुलेश सिंह सहित ग्रामीण जनों और अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी रही।