*जिला पंचायत के सीईओ के निर्देश पर आवास प्लस टू के तहत 31 मार्च तक सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कराने हेतु शेष चार जनपद पंचायतों में हुए प्रशिक्षण के कार्यक्रम*

Yogendra Asati
23 Jan 2025
अन्‍य

*जिला पंचायत के सीईओ के निर्देश पर आवास प्लस टू के तहत 31 मार्च तक सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कराने हेतु शेष चार जनपद पंचायतों में हुए प्रशिक्षण के कार्यक्रम*

कटनी (23 जनवरी)- बुधवार एवं गुरुवार को जिला पंचायत के सीईओ श्री शिशिर गेमावत के निर्देश पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2 की स्थाई प्रतीक्षा सूची में पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े जाने के संबंध में शेष चार जनपद पंचायतों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद पंचायत कटनी, रीठी ,विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद में आयोजित प्रशिक्षण में ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक और नोडल अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े जाने के संबंध में राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र के दौरान पूछे गए प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान पीएमएवाईजी के विकासखंड समन्वयको द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि केंद्र एवं राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने 31 मार्च 2025 तक सर्वेक्षण कार्य करते हुए समस्त आवश्यक कार्यवाही पूर्ण किए जाने के निर्देश जनपद पंचायत स्तरीय अधिकारियों को दिए हैं। प्रशिक्षण में बताया गया कि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे एवं हितग्राहियों की पात्रता निर्धारित करने के दौरान बहिर्वेशन प्रक्रिया के दस मापदंडों का ध्यान रखा जाए। प्रशिक्षण के दौरान कटनी में बलराम दाहिया, बहोरीबंद में अखिलेश वर्मा, रीठी में जे.एल.पांडे और विजयराघवगढ़ में विभा मिश्रा आदि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के विकासखंड समन्वयको ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पंचायत समन्वय अधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी एवं नामांकित नोडल अधिकारी मौजूद रहे।